Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अंबाला में बारिश से हालात बिगड़े:पंचकूला-यमुनानगर हाईवे पर पलटी बस, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने 27 यात्री बचाए

हरियाणा के अंबाला जिले में इस बार बारिश रिकॉर्ड तोड़ रही है। शनिवार सुबह से अब तक 310 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। रविवार सुबह साढ़े 8 बजे तक 224MM और सोमवार सुबह 8 बजे तक 81MM बारिश हुई। लोगों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर मुलाना में यूपी से हिमाचल जा रही बस पानी के तेज बहाव के कारण पलट गई। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची मुलाना थाना और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद 27 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

यात्रियों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल थी। हादसा मारकंडा नदी से ज्यादा पानी आने कारण हुआ। SHO मुलाना सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा राजू ढाबा काल्पी पुल के पास हुआ। बस और यात्रियों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ।

कैंट से गुजर रही टांगरी नदी में शाम 4 बजे तक 18 हजार क्यूसेक पानी आने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। उधर, कांग्रेस ने प्रशासन से अंबाला में इमरजेंसी घोषित करने की मांग की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल को स्थिति के बारे में अवगत कराएं, ताकि यहां NDRF आकर कमान संभाले।

अंबाला में बनाया कंट्रोल रूम
DC ने मूसलाधार बारिश के बाद बिगड़ी स्थिति को देखते हुए कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जिसमें नगर निगम के कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। नगर निगम की ओर से 0171-2443747 कॉन्टैक्ट नंबर जारी किया गया है। वहीं स्कूलों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को 2 दिन के लिए बंद कर दिया है।

Exit mobile version