हरियाणा में मानसून का आज से थोड़ा कमजोर हो जाएगा। इसका कारण मानसूनी हवाओं का कमजोर पड़ना है। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग(IMD) ने हरियाणा के 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी कर सामान्य व इससे अधिक बारिश का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा के भिवानी, हिसार, करनाल, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र और अंबाला में मध्यम वर्षा की संभावना है। इसके अलावा पंजाब के पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और एसएएस नगर में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में मानसून कमजोर पड़ेगा। 12 जुलाई तक मानसून की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसका कारण हवाओं का बदलना है। कल से हवा बदल रही है। इसके कारण दिन का तापमान एक बार फिर बढ़ेगा। मगर 13 जुलाई को मानसून फिर से गति पकड़ेगा।
कल पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिलेगी। वहीं हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 12 जुलाई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। राज्य में दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता कल 8 जुलाई तक बने रहने की संभावना है जिससे राज्य में कुछ एक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। परंतु 9 जुलाई से 11 जुलाई के दौरान मानसूनी हवाओं की सक्रियता में थोड़ी कमी आने की संभावना है जिससे राज्य में बारिश की गतिविधियां में कमी आने की संभावना है। 12 जुलाई से मानसून की सक्रियता राज्य में एक बार फिर से बढ़ने की संभावना बन रही है।

