Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 2 दिन बारिश के आसार: मानसूनी हवाएं कमजोर, भिवानी में सबसे ज्यादा बरसात; तापमान गिरा

हरियाणा में 2 दिन हल्की बारिश और कुछ एक स्थान पर तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद हरियाणा के उत्तरी इलाकों में मानसून थोड़ा एक्टिव होगा, बाकि हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश भिवानी (46.5 mm), करनाल (27.5 mm), अंबाला (26.7 mm) और कैथल (21.0 mm) में दर्ज की गई।

इसके अलावा सोनीपत (19.5 mm), पंचकूला (18.5 mm) और बालसमंद-हिसार (15.5 mm) में भी अच्छी बारिश हुई। पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, सिरसा, हिसार, फरीदाबाद, गुरुग्राम और भिवानी में भी बादल बरसे, जिससे सोनीपत समेत कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।

चंडीगढ़ मौसम केंद्र की माने तो अब मानसून की रफ्तार पर आज थोड़ा ब्रेक लगता दिखाई दे रहा है। प्रदेश में मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ रही हैं। पिछले दिनों पंजाब और राजस्थान पर बने चर्कवातीय सर्कुलेशन से बारिश की संभावना बनी थी। इससे न्यूनतम तापमान में 1.4°C की गिरावट आई है, जो सामान्य के करीब है।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 17 अगस्त को उत्तरी हरियाणा के जिलों (पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र) में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

18 अगस्त को यमुनानगर और पंचकुला के आसपास के हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी रहेगा, जबकि बाकी हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 19 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और केवल सीमित स्थानों पर ही हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 0.9°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान फरीदाबाद में 36.2°C दर्ज किया गया।

इसके अलावा रोहतक में 35.3°C, सिरसा में 35.4°C और हिसार में 34.4°C तापमान दर्ज हुआ। जबकि अंबाला में 30.9°C और पंचकूला में 31.1°C के साथ पारा अपेक्षाकृत कम रहा।

प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान में 1.4°C की गिरावट आई है, जो सामान्य के करीब है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 24.5°C दर्ज किया गया। इसके अलावा चंडीगढ़ में 24.8°C, करनाल में 25.0°C, गुरुग्राम में 25.0°C और सोनीपत में 25.4°C दर्ज हुआ।

राज्य के पश्चिमी जिलों जैसे सिरसा में न्यूनतम तापमान 28.0°C और फरीदाबाद में 28.4°C दर्ज किया गया।

Exit mobile version