Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के पंचकूला में सुबह-सुबह बारिश, 18 जिलों में यलो अलर्ट:रात से प्री मानसून की एंट्री

हरियाणा के पंचकूला में आज सुबह-सुबह तेज बारिश हुई। बाकी जगह मौसम साफ है। मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, जींद, कैथल, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

आज रात से प्री मानसून एक्टिव हो जाएगा। इसके कारण आगामी 4 से 5 दिन पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश हो सकती है।

प्रदेश में 19 जून तक 9 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। प्रदेश में औसतन 19 जून तक 27.1 मिलीमीटर (MM) तक बारिश होती है। मगर अब तक प्रदेश में 29.7MM बारिश हो चुकी है।

महेंद्रगढ़ में सबसे अधिक 282MM तक बारिश हुई। वहीं पंचकूला में सबसे कम 79 MM बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में 29 जून के आसपास मानसून की एंट्री होगी।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि प्रदेश में आमतौर पर 25 जून तक मौसम में बदलाव रहने की संभावना है। अगले एक सप्ताह के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर भारत की और तेजी से बढ़ने की संभावना है।

इसके कारण हरियाणा में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना बन रही है। इससे हवाओं में बदलाव और प्री मानसूनी हवाओं के कारण आज रात से मौसम में फिर से बदलाव आने की संभावना है। 21 जून और 22 जून को कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।

23 जून से 25 जून के दौरान हवाओं और गरज चमक के साथ राज्य में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना बन रही है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट रहने और वातावरण में नमी की मात्रा अधिक रहने की संभावना है।

Exit mobile version