उत्तर भारत में एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर व मध्य भारत में इसका असर 6 दिन तक रहने वाला है। पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में आज और कल और हिमाचल में 3 मार्च तक इसके प्रभाव से गरज के साथ बारिश की संभावना है। इसके साथ तेज हवाएं चलेंगी और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
पंजाब में पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर में सुबह से रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। कई जगह बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग की तरफ से जारी अलर्ट के अनुसार, पश्चिम विक्षोभ शुक्रवार से एक्टिव हो चुका है। इस दौरान अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर और पठानकोट में बारिश, तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना हैं। यहां के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि बाकी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम और सिरसा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवाएं चलने की भी संभावनाएं हैं। वहीं, चंडीगढ़ सहित हरियाणा में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल के 8 जिलों में बारिश की संभावनाएं हैं। 2 दिन भारी बर्फबारी-बारिश का ऑरैंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। 2 दिन भारी बर्फबारी व बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 8 जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, ऊना, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी व बारिश, जबकि निचले व मध्य क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है।
रोहतक- तापमान 14 से 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। बादल छाए रहेंगे। बारिश व तूफान की संभावना बन रही है।
