Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंचकूला-फतेहाबाद में बारिश से बदला मौसम: 2 दिन यलो अलर्ट, हिसार में ओलावृष्टि; तापमान 7°C गिरा, मई में मार्च जैसी ठंड

हरियाणा में आज (5 मई) को भी कई जिलों में मौसम खराब है। पंचकूला और फतेहाबाद के टोहाना और कैथल के राजौंद में सुबह बूंदाबांदी हुई। फतेहाबाद और हिसार में बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश की संभावना है।

सोमवार रात को हिसार में तेज बारिश हुई। यहां आदमपुर, अग्रोहा, बरवाला, किरमारा और खेदड़ एरिया में ओले भी गिरे। इसके अलावा सिरसा और फतेहाबाद में भी हल्की बारिश देखने को मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने आज और कल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।

सबसे ज्यादा बारिश करनाल में 60.5 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा, यमुनानगर में 38.5 मिमी, हिसार में 32.6 मिमी और जींद में 19.5 मिमी बारिश हुई।

बारिश और ठंडी हवाओं के कारण हरियाणा में अधिकतम तापमान में काफी गिरावट आई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7°C नीचे पहुंच गया है। मई में मार्च जैसा मौसम बना हुआ है।

राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2°C कम दर्ज किया गया है। सबसे चौंकाने वाले आंकड़े रोहतक से आए, जहां न्यूनतम तापमान 15.6°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 8.1°C कम है। करनाल में भी पारा गिरकर 17.2°C तक पहुंच गया। अधिकांश जिलों में रात का तापमान 20°C से नीचे रहने के कारण कूलर और एसी की जरूरत लगभग खत्म हो गई है।

प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7°C कम दर्ज किया गया है। 4 मई को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 35.2°C रहा, जो आमतौर पर इस समय रहने वाले 40°C के स्तर से काफी नीचे है। हिसार जैसे जिलों में पारा सामान्य से 9.6°C तक गिरकर 31.1°C पर पहुंच गया। बादल और बारिश के कारण दिन के समय ‘हीटवेव’ का असर लगभग खत्म हो गया है।

Exit mobile version