Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में लगातार तीसरे दिन बारिश: 14 जिलों में अलर्ट, गुरुग्राम सबसे ज्यादा भीगा; 5°C तक गिरा तापमान

हरियाणा में मानसून ने पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 13 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 6 जिलों में ऑरेंज और 7 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

गुरुवार सुबह पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, फरीदाबाद और पंचकूला में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 24 घंटे के दौरान 120 मिमी या उससे अधिक बारिश होने की संभावना है।
वहीं, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ (नारनौल), पलवल, नूंह, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र समेत कुछ इलाकों में फिलहाल अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में आज और कल भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 10 जुलाई को उत्तर हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
11 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेंगी। इसके बाद पश्चिमी हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद और हिसार समेत कई जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण दिन के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.2°C नीचे आ गया है। गुरुग्राम में दिन का पारा गिरकर 29.0°C और करनाल में 29.6°C पर आ गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 36.2°C रिकॉर्ड किया गया।

न्यूनतम तापमान में बारिश के चलते औसतन 2.2°C की गिरावट देखी गई है, जिससे रातें अधिक सुहावनी हो गई हैं। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे नीचे बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में रोहतक में सबसे अधिक 3.8°C की गिरावट दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार, सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 23.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7°C कम है।

Exit mobile version