Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 3 दिन तक बारिश:5 शहरों में धुंध, सिरसा एक्सप्रेस 2 घंटे लेट; ठंड से एक हफ्ते तक राहत नहीं

हरियाणा में लगातार मौसम बदल रहा है। आज सिरसा के रानियां में घनी तो पलवल, जींद, रेवाड़ी और नारनौल में हल्की धुंध है। रानियां में विजिबिलिटी 80 से 100 मीटर है। शीतलहर चल रही है। इससे दिन के तापमान में कमी देखने को मिलेगी। धुंध के चलते सिरसा एक्सप्रेस रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर 2 घंटे देरी से पहुंची।

मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी महीने में पहले पखवाड़े में लगातार ठंड देखने को मिलेगी, जबकि फरवरी के दूसरे पखवाड़े में ठंड के तेवर ढीले पड़ जाएंगे। 3 से 5 फरवरी तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विभाग ने 1 फरवरी को 8 जिलों में बारिश की संभावना जताई थी, मगर कुछ स्थानों पर महज बूंदाबांदी ही देखने को मिली। वहीं दक्षिण पूर्वी हवाएं चलने से वातावरण में नमी बढ़ने से धुंध देखने को मिली।

शनिवार को हिसार के बालसमंद में अधिकतम तापमान सबसे कम 18.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। वहीं सोनीपत में 24.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार फरवरी महीने में 5 से 6 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसमें केवल 2 पश्चिमी विक्षोभ से हल्की बारिश होने की संभावना है। फरवरी महीने के पहले पखवाड़े में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 1 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहा।

उन्होंने कहा कि 3 फरवरी, 11 फरवरी और 15 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हल्की बारिश की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे और सामान्य के आसपास बना रहेगा, जबकि दूसरे पखवाड़े में दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। जिससे हरियाणा में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। फरवरी के अंत में तापमान में और अधिक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

Exit mobile version