हरियाणा में मानसून एक्टिव है। पानीपत, अंबाला, यमुनानगर में बारिश हो रही है। पंचकूला और झज्जर में भी देर रात बारिश हुई। अभी हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद और झज्जर में बादल छाए हुए हैं। बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के चंडीगढ़ सेंटर ने आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 8 जिलों अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, पानीपत व सोनीपत में तेज बारिश होगी। बाकी जिलों में भी रिमझिम बारिश रहेगी।
बीते कल मानसून ने (29 जून) पूरे प्रदेश को कवर कर किया था। इसके बाद रविवार को 16 जिलों में जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसून 5 दिन पहले आया है। इस वजह से पिछले साल के मुकाबले 24% बारिश ज्यादा हो चुकी है। अकेले जून महीने में 29 जून तक सामान्य तौर पर 50MM बारिश होनी चाहिए थी लेकिन 62MM बारिश हो चुकी है।
बारिश की वजह से रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 3 डिग्री कम रहा। वहीं ओवरऑल तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे पहुंच गया है। जिस वजह से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली है। इसी वजह से रविवार शाम को लोग बड़ी संख्या में पार्कों और बाजारों में घूमने के लिए निकले।

