हरियाणा में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र ने मंगलवार को बारिश की संभावना जताई है। हिसार और नूंह में तेज बारिश हो रही है। वहीं मंगलवार सुबह नारनौल में बारिश हुई, जिसके बाद अब बादल छाए हुए हैं।
चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज (15 जुलाई), मंगलवार को सार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला जिले के आधे इलाकों और रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा व फतेहाबाद के कुछेक हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बारिश की वजह से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे जाने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
वहीं, हरियाणा के 3 जिलों में 300 एमएम से ज्यादा बारिश हो चुकी है। इनमें यमुनानगर में सबसे ज्यादा 365.3 एमएम बरसात हुई है। इसके बाद महेंद्रगढ़ में 340.6 एमएम और रेवाड़ी में 301.5 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 2025 में इस सीजन में अब तक हरियाणा में औसतन 162.8 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर 117.7 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। इस प्रकार, प्रदेश में सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

