Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 17 जिलों में आज बारिश:पानीपत समेत 5 जिलों में बूंदाबांदी शुरू, तेज हवाएं चल रहीं; ओलावृष्टि की भी संभावना

हरियाणा में आज पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर से एक्टिव हो गया है। इसके चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश शुरू गई है, जबकि कुछ जिलों में लगातार बादल छाए हुए है और तेज हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने हरियाणा के 17 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

हरियाणा के जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, झज्जर, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं।

इनमें से पानीपत में आज सुबह से तेज हवा के साथ बूंदाबांदी जारी है। वहीं, जींद और झज्जर में भी सुबह 5 बजे से हल्की बारिश हो रही है। सुबह करीब साढ़े 6 बजे से सोनीपत में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की शुरुआत हो गई है। इसके अलावा कैथल में बूंदाबांदी और महेंद्रगढ़ में बादल छाए हुए हैं।

वहीं, प्रदेश में अन्य जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को खतरा बना हुआ है। इससे फसलों को नुकसान हो सकता है।

मौसम विज्ञानियों की मानें तो इस समय गेहूं की फसल पक कर तैयार हो चुकी है। यदि ऐसे में ओले गिरे तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। साथ ही बारिश के बीच तेज हवाएं चलने से फसल गिर भी जाएगी, जिससे पैदावार पर असर पड़ेगा

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, प्रदेश में 1 मार्च तक बारिश हो सकती है। नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के कारण बारिश की संभावना बनी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इस दौरान तेज हवा भी चल सकती है। इनकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक होगी।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते बादलवाई के साथ मध्यम गति से हवाएं चल सकती है।

राजकीय महाविद्यालय नारनौल में पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने कहा है कि अभी दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। हरियाणा और एनसीआर के अधिकांश इलाकों में दिन का तापमान 25 से 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 12 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।

हालांकि, 2 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में फिर गिरावट देखने को मिलेगी। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों का असर मैदानी इलाकों में भी पड़ेगा, जिससे ठंडक बढ़ सकती है।

Exit mobile version