हरियाणा के 15 जिलों में चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व नूंह शामिल हैं। अन्य जिलों में बादल छाए रहने के साथ-साथ मध्यम से हल्की बारिश की संभावना है।
भिवानी में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। पानीपत, फतेहाबाद, फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, झज्जर, कैथल, पंचकूला और कुरुक्षेत्र में बादल छाए हुए हैं। रोहतक, अंबाला, रेवाड़ी, यमुनानगर, नूंह, सिरसा, हिसार, महेंद्रगढ़ और जींद में धूप खिली है। अगले 4 दिन लगातार बारिश होने की संभावना है।
IMD के अनुसार, हरियाणा में अब तक 86.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। आमतौर पर इतनी अवधि में 68 मिलीमीटर बारिश होती है। इसका मतलब है कि राज्य में सामान्य से 27% ज्यादा बारिश हो चुकी है।
शुक्रवार को 12 जिलों हिसार, रोहतक, भिवानी, गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत, करनाल, फतेहाबाद, झज्जर, चरखी दादरी, जींद और महेंद्रगढ़ में बारिश हुई। सोनीपत में जलभराव के कारण खेल मंत्री गौरव गौतम को जूते तक उतारने पड़े।

