हरियाणा में लगातार 4 दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके चलते नौतपा में भी तापमान में भी गिरावट होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बुधवार को 14 जिलों और गुरुवार व शुक्रवार को पूरे हरियाणा में बारिश हो सकती है।
प्रदेश में कई दिनों से मौसम परिवर्तनशील चल रहा है। हरियाणा में बादल छाए रहने, गरज व चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र (IMD) के अनुसार 28 मई को प्रदेश के 3 जिलों (पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर) में 25-50 प्रतिशत तक तथा 11 जिलों (कुरुक्षेत्र, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद व सिरसा) में 25 प्रतिशत तक बारिश होने की संभावना है।
वहीं अन्य जिलों में मौसम ड्राई रहेगा। 29 मई को पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना है। प्रदेश के 7 जिलों (पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद व सिरसा) में 25-50 प्रतिशत व 15 जिलों (हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, झज्जर रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल और यमुनानगर) में 25 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है।
30 मई को भी पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना है, जिसके चलते प्रदेश के 5 जिलों (अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल व यमुनानगर) में 50-75 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है। वहीं 4 जिलों (जींद, करनाल, पानीपत व सोनीपत) में 25-50 प्रतिशत और 13 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात) में 25 प्रतिशत तक बरसात का अनुमान है।
इसी प्रकार 31 मई को प्रदेश के 3 जिलों (पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर) में 25-50 प्रतिशत तथा 10 जिलों (फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र) में 25 प्रतिशत तक बरसात होने की संभावना है।

