Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंचकूला में बारिश शुरू, 17 जिलों में अलर्ट:कल से बढ़ेगी ठंड, हिसार में तापमान 12॰ सेल्सियस गिरा

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें से 6 जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इनमें कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला शामिल हैं।

इसके अलावा जींद, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल और फरीदाबाद में भी हल्की से मध्यम गति से बारिश होने की संभावना है। जबकि, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में बूंदाबांदी हो सकती है। पंचकूला में बारिश शुरू हो गई है।

उधर, आज के घटनाक्रम में रात को हुई बारिश के कारण नारनौल में बिजली लाइनों में फाल्ट आ गया। इससे आधे शहर की बत्ती गुल हो गई। विद्युत निगम के कर्मचारी फाल्ट को ठीक करने में जुटे है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि बारिश के कारण वातावरण में मौजूद नमी के कारण ठंड बढ़ गई है। मौसम खुलने के बाद हवा चलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, मगर यह सामान्य के आसपास ही बना रहेगा। 8 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से तापमान खासकर रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अभी सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होगा। दिवाली के बाद दिन में भी ठंड महसूस होगी।

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने और राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से नमी वाली हवाएं उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों की तरफ आने की संभावना है।

इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से राज्य में 7 अक्टूबर तक ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके बाद हवा की दिशा बदलकर उत्तर पश्चिमी हो जाएगी। इसके कारण 8 अक्टूबर से एक बार फिर ठंड बढ़ेगी।

Exit mobile version