Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कई स्थानों पर आज बारिश:18 जिलों में मौसम खराब; कहीं-कहीं बूंदाबांदी; यमुनानगर में 32MM वर्षा, IMD का येलो अलर्ट

हरियाणा में बाढ़ वाले जिलों में बारिश का खतरा लगातार बना हुआ है। IMD ने अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर समेत प्रदेश के 18 जिलों में बारिश की गतिविधि जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि बारिश मूसलाधार नहीं रहने वाली है, यह अलग अलग खंडों में कुछ देर के लिए अलग अलग स्थानों पर देखने को मिलेगी।

अंबाला, कालका, बराड़ा, जगाधरी, छछरौली, नारायणगढ़ व पंचकूला में तो सुबह से ही IMD का अलर्ट चल रहा है। फिलहाल अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर के साथ हिसार, जींद, सिरसा में येलो अलर्ट है। 12 घंटे के दौरान यमुनानगर में 32 एमएम, मेवात में 1 एमएम और महेंद्रगढ़ में 2 एमएम, करनाल में 0.5 एमएम बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान की बात करें तो आज 18 जिलों में बारिश की गतिविधि देखने को मिलेगी। लेकिन 10 जिलों में बारिश का दायरा 25 से 50 प्रतिशत क्षेत्र और 8 जिलों में केवल 0 से 25 प्रतिश तक रहेगा। राजस्थान से लगते 4 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार व भिवानी में लगभग सूखा रहेगा। हालांकि सिरसा व हिसार में येलो अलर्ट है, लेकिन बूंदाबांदी की छिटपुट गतिविधि को छोड़ कर बारिश की संभावना लगभग न के बराबर है।

प्रदेश के यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, फरीदाबाद व गुरुग्राम में अलग अलग क्षेत्रों में कुछ समय के लिए आज हल्की बारिश हो सकती है। बारिश खंडों में होगी और इसका दायरा 25 से 50 प्रतिशत क्षेत्र तक ही सीमित रहेगा। इन क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के आसार फिलहाल नहीं हैं।

Exit mobile version