हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ ने आगामी दिनों के लिए राज्यभर में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 3 और 4 अगस्त को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात (नूंह), पलवल और फरीदाबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
इसके अलावा झज्जर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि 5 से 7 अगस्त के बीच भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार होने वाली वर्षा से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही किसानों के लिए भी यह बारिश खरीफ फसलों के लिहाज से लाभदायक मानी जा रही है।
रविवार को जारी अधिकतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 1.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा, लेकिन यह सामान्य के आसपास बना रहा। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस सिरसा के कैनाल कॉलोनी क्षेत्र में दर्ज किया गया।
