हरियाणा में मानसून की देरी के कारण गर्मी और उमस लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। सोमवार को प्रदेश के 11 शहरों और मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रोहतक में रिकॉर्ड किया गया, जिससे भीषण गर्मी का असर पूरे दिन बना रहा।
रोहतक के बाद सिरसा में 43.4 डिग्री, हिसार में 43.3 डिग्री और भिवानी में 43.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा पलवल, गुरुग्राम, नूंह, फतेहाबाद समेत कई जिलों में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। भीषण गर्मी के साथ उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। उमस भरी गर्मी के चलते लोग कूलर और एसी का सहारा लेने को मजबूर हैं। बढ़ती बिजली खपत के कारण कई शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोडिंग की समस्या सामने आ रही है, जिससे बार-बार और लंबे समय तक बिजली कट लग रहे हैं। इससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज प्रदेश के 15 जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर शामिल हैं। जबकि अंबाला, पंचकूला और चंडीगढ़ क्षेत्र में भी हल्की बारिश के संकेत हैं।
वहीं रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 2 और 3 जुलाई को उत्तर एवं उत्तर-पूर्वी हरियाणा में अनेक स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। इसी दौरान मानसूनी हवाएं प्रदेश में अधिक सक्रिय होंगी, जिससे तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलने की संभावना है।
हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रोहतक में रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा सिरसा 43.4, हिसार 43.3 और भिवानी 43 डिग्री पर रहे। कुल 11 शहरों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। । मौसम विभाग का कहना है कि 1 जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान फरीदाबाद में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सिरसा में रात का तापमान 31 डिग्री रहा, जबकि अंबाला में 30.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में रात का तापमान 28 से 31 डिग्री के बीच रहने से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश शुरू होने के बाद रात के तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आएगी और उमस कम होगी।

