Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज बारिश-आंधी का अलर्ट:कल 12 जिलों में बारिश, 2 में ओले गिरे; 15 लाख टन गेहूं भीगा, परसों तक ऐसे ही रहेगा मौसम

हरियाणा के 12 जिलों में रविवार देर रात तक तेज बारिश हुई। इनमें अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, यमुनानगर, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत और नूंह शामिल हैं। पानीपत और यमुनानगर में ओले भी गिरे। इससे मंडियों में 15 लाख टन से ज्यादा गेहूं भीग गया।

मौसम विभाग का कहना है कि 7 मई तक मौसम ऐसा ही रहेगा। अधिकतर जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश की संभावना है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को सबसे गर्म जिला महेंद्रगढ़ रहा, जहां तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार 5 मई को पूरे हरियाणा में बारिश होगी। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 50-75 फीसदी बारिश की संभावना है। कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत में 25-50 फीसदी बारिश की संभावना है और अन्य जिलों में 25 फीसदी तक बारिश होगी।

6 मई को भी प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। सिरसा, फतेहाबाद, जींद और हिसार में 25 फीसदी बारिश की संभावना है और अन्य जिलों में 25-50 फीसदी तक बारिश होगी। 7 मई को 6 जिलों (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल) में बारिश की 25 प्रतिशत संभावना है तथा अन्य जिलों के शुष्क रहने की संभावना है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 7 मई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है।

7 मई तक लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच-बीच में आंशिक बादल, हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी व हल्की बारिश की भी संभावना है। जिससे विशेषकर दिन के तापमान में गिरावट बने रहने की संभावना है।

Exit mobile version