नगर निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने बताया कि आज बैठक का आयोजित कर बरसात के जल निकासी के कार्य बारे विचार-विमर्श किया गया जिस दौरान शहर में जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नगर निगम एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम वर्क की भावना से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल ही बरसात के दौरान नागरिकों को राहत प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। किसी भी क्षेत्र में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो अथवा जल निकासी संबंधी समस्या की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभाग तत्काल संयुक्त रूप से कार्रवाई करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने कहा कि बरसात के दौरान सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यालयों तक सीमित न रहकर लगातार फील्ड में मौजूद रहें। प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करें तथा संवेदनशील एवं जलभराव संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखें। यदि किसी स्थान पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसका मौके पर पहुंचकर तत्काल समाधान किया जाए तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का पूर्ण एवं प्रभावी उपयोग किया जाए। डी-वाटरिंग पम्प, सुपर सकर मशीनें, जेटिंग मशीनें इत्यादि मशीनरी एवं कर्मचारियो को पूरी क्षमता के साथ कार्य में लगाया जाए। निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने यह भी कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाये कि सभी डिस्पोजल, पम्पिंग स्टेशन एवं डी-वाटरिंग पम्पों के संचालन के लिए लगाए गए जनरेटर हर समय पूर्ण रूप से कार्यशील अवस्था में रहें। जनरेटर के संचालन हेतु डीजल/ऑयल की पर्याप्त एवं अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी जल निकासी कार्य बिना किसी रुकावट के निरंतर जारी रह सके। उन्होने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा नगर निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्य में देरी स्वीकार्य नही होगी।
रोहतक में बरसात को लेकर अलर्ट: अधिकारी फील्ड में रहें मौजूद, टीम वर्क से करें काम – आयुक्त सत्येंद्र दुहन

