Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के सभी 22 जिलों में बारिश का अलर्ट:8 में बादल छाए, उमस बढ़ी, पानीपत में बूंदाबांदी; 28 तक मानसून की एंट्री

मौसम विभाग ने आज (22 जून) के लिए पूरे हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके हिसाब से 19 जिलों में तेज और 3 जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, अभी सुबह से कहीं बारिश शुरू नहीं है, लेकिन करीब 8 जिलों में बादल छाए हुए हैं और भारी उमस है। इससे लोग पसीने में तरबतर हो रहे हैं।

विभाग ने जिन 19 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है, उसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल और मेवात शामिल हैं।

वहीं, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में मध्यम बारिश हो सकती है। मौजूदा समय में पानीपत, भिवानी, जींद, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, फतेहाबाद और झज्जर में बादल छाए हुए हैं। पानीपत में सुबह-सुबह बूंदाबांदी भी देखने मिली।

मौसम विभाग ने 22 से 25 जून तक प्रदेशभर में बारिश के आसार जताए हैं। इसके अलावा, प्रदेश में 28 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून अब हरियाणा से सिर्फ एक हफ्ता दूर है। अनुमान है कि 28 जून के आसपास यह प्रदेश में प्रवेश करेगा। मानसून की हवाएं इस बार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से आ रही हैं। जब दोनों दिशाओं से नमी भरी हवाएं टकराती हैं, तो कई बार भारी बारिश भी होती है।

Exit mobile version