Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 9 जिलों में आज बारिश का अलर्ट:मानसून कमजोर रहने के आसार, लोगों को अभी भी गर्मी से राहत नहीं

हरियाणा के आज 9 जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 2 जिलों में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट और 7 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

हालांकि, बारिश के बाद भी दिन के अधिकतम तापमान में कोई खास फर्क नहीं देखा गया। सिरसा सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को हरियाणा में सबसे ज्यादा बारिश मेवात में हुई। यहां 5MM तक पानी गिरा।

हरियाणा में आज मानसून थोड़ा कमजोर रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यमुनानगर और करनाल में भारी बारिश और पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, सोनीपत, पानीपत व सिरसा में सामान्य बारिश का अलर्ट जारी किया है। अन्य 13 जिलों को लेकर कोई अलर्ट नहीं है।

हरियाणा में मानसून ने पूरे हरियाणा को कवर कर लिया है। इसके बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। इसकी वजह मौसम विशेषज्ञ बता रहे हैं कि मानसून प्रदेश में 28 जून को पहुंचा था, लेकिन इसके बाद भी 6 दिन में अब तक 38.3MM बारिश हुई है, जो सामान्य से 37 फीसदी कम है। यही वजह है कि उमस तेजी से बढ़ रही है, हवा में नमी की मात्रा 94 फीसदी से ज्यादा दर्ज की जा रही है।

इससे लोगों को अभी भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन यानी 5 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई है।

Exit mobile version