हरियाणा में आज 8 जिलों में बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, यमुनानगर में बारिश शुरू हो चुकी है। यहां सोम नदी उफान पर है और धनौरा गांव में पुल के ऊपर से पानी बह रहा है।

IMD द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 11 बजे तक करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले 3 दिन तक मानसून सक्रिय रह सकता है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, अरब सागर से नमी वाली हवाएं हरियाणा की ओर बढ़ने से राज्य में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

इस मानसून सीजन प्रदेश में अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में हुई है, जहां आंकड़ा 728 मिमी तक पहुंच गया है। जबकि सबसे कम बारिश कैथल में 167 मिमी दर्ज हुई है।

डॉ, मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून टर्फ अब जैसलमेर, जोधपुर, कोटा, गुना, जबलपुर, रायपुर, दक्षिण उड़ीसा होता हुआ बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन जम्मू-कश्मीर पर बना हुआ है और अरब सागर से भी नमी वाली हवाएं हरियाणा की तरफ बढ़ने की संभावना से मानसून की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

उन्होंने कहा- इससे 17 से 19 अगस्त के दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है। 20 और 21 अगस्त को राज्य के उत्तरी व दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश और पश्चिमी जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। बीच-बीच में ज्यादातर क्षेत्रों में बादलवाई और वातावरण में नमी बढ़ने व तापमान गिरने की संभावना है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!