हरियाणा के 7 जिलों में मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान के मुताबिक यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, जींद, फतेहाबाद, सिरसा, हिसार में बारिश हो सकती है। फतेहाबाद जिले में रतिया क्षेत्र के गांव हसंगा में सुबह बारिश हुई है।
वहीं बीते कल दो जिलों हिसार और फतेहाबाद में बारिश हुई थी। अब तक प्रदेश में औसत से 32% अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। तापमान में भी गिरावट आई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी वाली मानसूनी हवाएं प्रदेश की तरफ आने लगी हैं। वहीं, राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से अरब सागर से भी नमी वाली हवाएं आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अब तक हरियाणा में औसतन बारिश 86.4 एमएम दर्ज की गई है। जबकि सामान्यत: 65.4 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। यानी की प्रदेश में 32 प्रतिशत बारिश ज्यादा हो चुकी है।
बता दें कि इस बार मानसून सामान्य से 5 दिन पहले हरियाणा में आया था। वहीं अब मानसून ने पूरे हरियाणा को कवर कर लिया है। बारिश अधिक होने का एक कारण मानसून पहले आना भी हो सकता है।

