Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 6 जिलों में बारिश का अलर्ट:50 की स्पीड से चलेंगी हवा, औसत तापमान 0.4 डिग्री बढ़ा, सिरसा रहा सबसे गर्म

हरियाणा में मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। हरियाणा 6 जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं, शुक्रवार को चार जिलों चरखी दादरी, रोहतक, हिसार और जींद में बरसात हुई थी। जिसके बाद से मौसम बदला हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार आज 6 जिलों में बरसात की 25 प्रतिशत तक संभावना है। जिसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल शामिल हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम खुश्क रहेगा। 11 मई को प्रदेश के तीन जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25-50 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है, जबकि 14 जिलों कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 मई को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है, अन्य जिलों में मौसम खुश्क रहेगा। इसके अलावा 13 मई को भी पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में ड्राई रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 10 मई शनिवार के लिए आंधी-तूफान का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। मौसम साफ रहने की संभावना है। 11 मई रविवार को प्रदेश के 16 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवलव और मेवात में आंधी, बिजली चमक एवं गरजना के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 12 और 13 मई को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 14 मई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। राज्य में एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच बीच में आंशिक बादल, हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। राज्य में हवाओं व गरज चमक के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट बने रहने की संभावना है।

Exit mobile version