हरियाणा के 6 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें पंचूकला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल, करनाल और अंबाला जिला शामिल हैं। वहीं प्रदेश में यमुना और घग्गर का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है, जिसके बाद सूबे के कुछ जिलों में बाढ़ आने का खतरा मंडराने लगा है।
सरकार की और से अंबाला और पानीपत के 40 किलोमीटर के एरिया में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। उधर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज फतेहाबाद और सिरसा में बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे हैं।
अंबाला कैंट में उफान पर आई टांगरी नदी रविवार सुबह तक शांत हो गई। टांगरी बांध के आसपास इलाकों में घुसा पानी उतर गया। अब सिर्फ त्रासदी दिखाई दे रही है। लोगों का सामान गलियों में पड़ा दिखाई दे रहा है। गलियों में कीचड़ भरा हुआ है। लोगों को फिर अपने घरों को सफाई करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी।
वहीं सिरसा में भी घग्गर का जलस्तर बढ़ रहा है। मल्लेवाला, चामल व बाजेकां में बांध टूट गए हैं, जिस कारण खेतों में पानी भर गया। फतेहाबाद शहर में भी बाढ़ का खतरा बरकरार है।
प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 40 हो गई है। 2 लोग अब भी लापता हैं। प्रदेश के 1461 गांव बाढ़ से ग्रस्त हैं। 1857 जानवरों की मौत हो चुकी है। अंबाला, फरीदाबाद, फतेहाबाद और सिरसा में NDRF की टीमें तैनात हैं। फतेहाबाद में सेना तैनात है। हरियाणा सरकार के अनुसार, अब तक 7846 लोगों को बचाया जा चुका है। हालांकि अंबाला, कुरुक्षेत्र व अन्य इलाकों में बनाए गए राहत कैंपों में अब सिर्फ 819 लोग ही बचे हैं।

