Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट:सोनीपत में तेज बारिश, अंबाला-यमुनानगर में मौसम ज्यादा खराब रहेगा; रात को 12 जगह ओलावृष्टि हुई

हरियाणा में आज भी मौसम विभाग ने 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अंबाला और यमुनानगर में रेड अलर्ट है, जबकि हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, करनाल और पंचकूला में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

संभावना है कि बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। इसी बीच आज सुबह 5 बजे सोनीपत में तेज बारिश हुई। इस दौरान बादल गरजे और बिजली चमकी। सुबह से यही हाल पलवल, फरीदाबाद और झज्जर में भी है। साथ ही सिरसा के नाथूसरी चोपटा में हल्की धुंध देखी गई।

वहीं, शुक्रवार को हिसार, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, भिवानी, जींद, चरखी दादरी, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और महेंद्रगढ़ में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि देखने को मिली। इसके अलावा पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम और झज्जर में तेज बारिश हुई। ओलावृष्टि के कारण गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 1 मार्च तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज भी हरियाणा के उत्तरी व पूर्व इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि 1 मार्च तक ऐसे ही बारिश का मौसम बना रहेगा। हरियाणा के उत्तरी व पूर्व इलाकों में बारिश और बाकी हरियाणा में तेज गति से हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को गेहूं की फसल में सिंचाई न करने की सलाह दी है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ गेहूं विशेषज्ञ डॉ. ओपी बिश्नोई ने कहा कि तेज हवा चलने और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है।

Exit mobile version