Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 6 से 11 जुलाई तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना

हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 6 जुलाई से 11 जुलाई तक लगातार बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 6 से 9 जुलाई तथा 11 जुलाई को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना:– 6 जुलाई को पंचकूला और यमुनानगर जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी सहित अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

8 जुलाई को सबसे अधिक बारिश के आसार:- मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 6 और 10 जुलाई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 7, 9 और 11 जुलाई को बारिश का दायरा बढ़ेगा और कई जिलों में वर्षा दर्ज की जाएगी। 8 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका:- लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा यातायात प्रभावित होने, छोटे नालों और बरसाती नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने की भी संभावना है। प्रशासन और स्थानीय निकायों को आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

तापमान में नहीं होगी अधिक बढ़ोतरी:- मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी गतिविधियों के चलते अगले कुछ दिनों तक तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है।

सिरसा रहा सबसे गर्म जिला:- रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 38.9 डिग्री, अंबाला में 39.2 डिग्री, चंडीगढ़ में 37.9 डिग्री, फतेहाबाद में 36.8 डिग्री, भिवानी में 36.4 डिग्री, रोहतक में 35.7 डिग्री, करनाल में 34.8 डिग्री तथा गुरुग्राम में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दक्षिण हरियाणा में मौसम रहा सुहावना:- दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। नारनौल का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.9 डिग्री कम था। वहीं महेंद्रगढ़ में 36.2 डिग्री, रेवाड़ी में 36.4 डिग्री और नूंह में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बादलों की आवाजाही और तापमान में कमी के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली।

किसानों के लिए लाभदायक साबित होगी बारिश:- मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की सक्रियता किसानों के लिए लाभदायक साबित होगी। धान, बाजरा, कपास और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई तथा बढ़वार के लिए यह बारिश काफी उपयोगी मानी जा रही है। हालांकि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है, इसलिए किसानों को जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है।

सावधानी बरतने की अपील:- मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। साथ ही तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट और चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Exit mobile version