Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज 3 जिलों में बारिश का अलर्ट, 50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

हरियाणा में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 30 जून तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 27 जून को हरियाणा के पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 27 जून तथा 29 जून से 1 जुलाई के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। इसी बीच शनिवार सुबह नारनौल में आसमान पर हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा।

उधर, शुक्रवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा अंबाला में 41.6 डिग्री, करनाल में 41.2 डिग्री, हिसार में 41.3 डिग्री, भिवानी में 41 डिग्री, गुरुग्राम में 40 डिग्री और नारनौल (महेंद्रगढ़) में 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

हालांकि प्रदेश में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर होने वाली बारिश के कारण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन उमस बनी रह सकती है।

मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सलाह दी है कि मौसम के ताजा पूर्वानुमानों पर नजर रखें। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।

Exit mobile version