हरियाणा में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे रहा है। इसके चलते आज भी कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने देर रात कई शहरों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया था।
मौसम में आए इस बदलाव के चलते तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। यह सामान्य से 2.5 डिग्री की गिरावट है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 10 से 13 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तरी और पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में और कमी आएगी। इस दौरान कुछ इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की भी संभावना है।
सूबे में रविवार को भी मौसम में बदलाव देखने को मिले। वेस्टर्न डिस्टर्ब से बदले मौसम के कारण हरियाणा के पंचकूला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और अंबाला जिलों में बादलों की आवाजाही के बीच गरज के साथ हल्की बारिश हुई।
वहीं पश्चिमी हरियाणा, पश्चिमी पंजाब, दिल्ली और यमुना बेल्ट पर अब नए बादल छाए रहे। जिसके चलते आज भी पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में गरज के साथ हल्की से भारी बारिश के आसार बन रहे हैं।
कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि कल से 13 दिसंबर तक कुछ जिलों में धुंध का असर देखने को मिल सकता है। पहाड़ों में एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में ये बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इससे रात और दिन के तापमान में कमी आने के आसार बन रहे हैं।
