Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में 2 आंगनबाड़ी केंद्रों पर छापा:एक्सपायरी मिल्कबार चॉकलेट की 8 पेटी जब्त, ठेकेदार ने भेजी थी, लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

रोहतक में सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो आंगनबाड़ी केंद्रों पर छापेमारी कर एक्सपायर हो चुकी चॉकलेट ब्रांड मिल्कबार जब्त की। टीम ने दोनों केंद्रों से 8 डिब्बे बरामद किए, जिन्हें बाद में नष्ट कर दिया गया।

चॉकलेट को भी जांच के लिए लैब में भेज दिया गया। सीएम फ्लाइंग की टीम ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र सुनारियां चौक और शोरा कोठी आंगनबाड़ी केंद्र पर छापेमारी की।

इस दौरान सुनारियां चौक आंगनबाड़ी केंद्र पर चॉकलेट ब्रांड मिल्कबार के 6 डिब्बे मिले। प्रत्येक डिब्बे में 500 चॉकलेट थीं। जबकि, शोरा कोठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर दो डिब्बे मिले।

आंगनबाड़ी सुपरवाइजर सीमा ने बताया कि ठेकेदार अजमेर सैनी ने 28 अप्रैल को मिल्कबार ब्रांड की चॉकलेट भेजी थी। डिब्बों को खोलकर जांचने पर चॉकलेट पर एक्सपायरी डेट 2 मई पाई गई। डिब्बों पर एक्सपायरी डेट नहीं लिखी थी।

3 मई को डिब्बों की जांच की गई, जिसमें एक्सपायर हो चुकी चॉकलेट पाई गई और सीडीपीओ को इसकी सूचना दी गई तथा यह सामग्री 3 महीने के लिए जुलाई 2025 तक प्राप्त की गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा एक्सपायरी डेट की 6 गत्ता पेटियों में चॉकलेट एक ही बैच की होने के कारण एक चॉकलेट को सैम्पल के लिए लिया गया, जिसको मौके पर ही सील किया। साथ ही सभी 6 गत्ता पेटी चॉकलेट को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। वहीं, शोरा कोठी आंगनवाड़ी केन्द्र को चैक करने 2 गत्ता पेटी चॉकलेट मार्का मिल्कबार की मिली।

आंगनवाड़ी सुपरवाइजर मीना ने बताया कि 28 अप्रैल को ठेकेदार अजमेर सैनी ने कुल 54 पेटी चॉकलेट भेजी थी। 3 मई को पेटियों को खोलकर चैक करने पर 2 पेटी चॉकलेट पर एक्सपायरी डेट 2 मई लिखी मिली। पेटियों पर एक्सपायरी डेट न होने पर सी.डी.पी.ओ. को मौखिक तौर पर बता दिया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दोनों आंगनवाड़ी केंद्रों पर एक्सपायरी डेट की एक ही बैच की चॉकलेट होने के कारण सैम्पल नहीं लिया तथा दोनों गत्ता पेटी चॉकलेट को मौका पर ही नष्ट करवाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सैम्पल को परीक्षण के लिए सम्बन्धित लैब में भेजा जाएगा तथा परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

Exit mobile version