कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज चंडीगढ़ पहुंचकर हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ पूरे संगठन को लेकर चर्चा की और गुटबाज़ी को लेकर सख्ती दिखाई. उन्होंने हरियाणा के सीनियर कांग्रेस नेताओं को संदेश देते हुए कहा कि सबका साथ जरूरी है, ऐसे में गुटबाज़ी और मनमुटाव से दूर रहें.
राहुल गांधी ने करीब 3 घंटे तक चंडीगढ़ में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ के तहत राज्य के नेताओं और ऑब्जर्वरों की मीटिंग ली. बैठक में हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, बीरेंद्र सिंह, सिरसा से सांसद कुमारी शैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, अजय सिंह यादव, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और अशोक तंवर भी मौजूद थे. बैठक के दौरान राहुल गांधी ने सभी वरिष्ठ नेताओं से संगठन को लेकर फीडबैक लिया.
राहुल गांधी ने बाद में एआईसीसी और पीसीसी ऑब्जर्वरों के साथ भी बैठक की है. कांग्रेस ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को बनाने के लिए ऑब्जर्वर तैनात किए हैं. राहुल गांधी ने कहा कि सभी ऑब्जर्वर पूरी ईमानदारी के साथ जिला कार्यकारिणी का चयन करें. राहुल गांधी ने गुजरात में संगठन चयन के अनुभवों को साझा किया.
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने राहुल गांधी की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस के दौरान माना कि हरियाणा में कांग्रेस को गुटबाज़ी का खामियाजा उठाना पड़ा है जिसके चलते पिछले 11 सालों से हरियाणा में कांग्रेस का संगठन नहीं है. उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने साफ संदेश दिया है कि राज्य में गुटबाज़ी नहीं होनी चाहिए और ऑब्जर्वरों को भी पूरी ईमानदारी के साथ काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि सभी सीनियर नेताओं का साथ जरूरी है, ऐसे में सभी मनमुटाव से दूर रहें.
बीके हरिप्रसाद ने आगे बताया कि 30 जून तक आब्जर्वर जिला अध्यक्षों के लिए उम्मीदवारों के नाम हाईकमान को भेज देंगे. दस जून से इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. हर जिले में 6 लोगों का पैनल बनेगा। 35 से 55 साल के लोग जिला अध्यक्ष बन सकते हैं. कांग्रेस पार्टी राज्य में महिलाओं पर फोकस करते हुए जिला अध्यक्ष बनाने में महिलाओं को तवज्जो देगी.
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बनने के मानदंड
- जिलाध्यक्ष बनने के लिए उम्र 35 से 55 वर्ष होनी चाहिए.
- 5 साल लगातार संगठन में काम करने का अनुभव होना चाहिए.
- उम्मीदवार की साफ छवि होनी चाहिए.
- किसी भी तरह की गुटबाजी से दूर रहने वालों को तरजीह दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साफ निर्देश है कि जो भी आब्जर्वर जिले में जाए, उसी जिले से संबंधित नेताओं से बात करें, किसी अन्य जिले के नेता से बात नहीं करे. संगठन ना होने का खामियाजा पार्टी को विधानसभा चुनाव में उठाना पड़ा है. वहीं जब बीके हरिप्रसाद से हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष के चुनाव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस मामले पर पूरी तरह से चुप्पी साध ली.
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदय भान ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी ने आज कई बैठकें की है. आज गौरवपूर्ण दिवस था. राहुल गांधी ने टाइट शेड्यूल होने के बावजूद हरियाणा कांग्रेस के नेताओं को पूरा समय दिया. राहुल गांधी का आना ये दिखाता है की कांग्रेस संगठन को लेकर पूरी तरह से गंभीर है. ये साल कांग्रेस के संगठन बनाने का साल है.
सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी ने संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण दिशानिर्देश दिए हैं. संगठन निर्माण को लेकर हुई देरी पर उन्होंने कहा कि ये जगजाहिर बात है कि इसमें देरी हुई है. हम भी बार-बार ये बात उठाते रहे हैं, लेकिन देर आए दुरुस्त आए. अब राहुल गांधी आए हैं तो हमारा संगठन बन जाएगा. वहीं बीरेंद्र सिंह ने बोलते हुए कहा कि जब हरियाणा में कांग्रेस का संगठन खड़ा हो जाएगा तो राज्य में पार्टी मजबूत स्थिति में आ जाएगी.
