Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Sidhu Moose Wala: सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मिलने मानसा पहुंचे राहुल गांधी

पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद कई बड़े नेताओं और कलाकारों का उनके परिवार से मुलाकात का सिलसिला जारी है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी पंजाब के मानसा में गायक और पार्टी नेता सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मुलाकात करेंगे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंचे और मानसा के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट पर राहुल गांधी को रिसीव करने के लिए कांग्रेस के कई नेता पहुंचे।

राहुल गांधी ने पहले भी सोशल मीडिया के जरिए हत्या पर दुख जताया था। उन्होंने कहा था- होनहार कांग्रेस नेता और प्रतिभाशाली कलाकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या से स्तब्ध और दुखी हूं। दुनियाभर से उनके चाहने वालों और प्रशंसकों के प्रति मेरी सवेदनाएं।

सिद्धू मूसेवाला पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के करीबी रहे। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले मूसेवाला कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने मानसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव भी लड़ा। हालांकि, आम आदमी पार्टी के डॉ. विजय सिंगला ने उन्हें हरा दिया था। इसके बाद आप की सरकार ने उनकी सिक्योरिटी घटा दी। इसके अगले ही दिन मूसेवाला की हत्या हो गई।

पंजाब में इस साल फरवरी में विधानसभा चुनाव हुए। आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अब यहां लॉ एंड ऑर्डर की खराब स्थिति को लेकर सरकार कठघरे में है। जनता और विपक्षी दल राज्य के इंटेलिजेंस की नाकामी पर सवाल उठा रही हैं। यह भी सवाल किया जा रहा है कि धमकी के बावजूद मूसेवाला की सुरक्षा क्यों हटाई गई थी।

सोमवार को राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सिद्धू के परिवार से मिलने मानसा गांव उनके घर पहुंचे। उन्होंने सिद्धू के पिता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हत्या पर दुख जताया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता हंस राज हंस और मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी गायक के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए मूसेवाला के परिवार से मुलाकात की।

दरअसल, गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से पंजाब में सियासत गर्म है। मूसेवाला हत्याकांड में 7 फरार शूटर्स की पहचान हो चुकी है, जिनकी धरपकड़ के लिए कई राज्यों की पुलिस जुटी हुई है। मूसेवाला के शरीर पर 19 गोलियां लगी थीं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार गोली लगने के 15 मिनट के भीतर उनकी मौत हो गई। पंजाब पुलिस ने पिछले हफ्ते सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की हत्या की जांच में तेजी लाने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।

29 मई को हुई हत्या
पंजाब के मनसा जिले के जवाहरके गांव में 29 मई को सिद्धू मूसेवाला की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना पंजाब पुलिस द्वारा 424 अन्य लोगों की सुरक्षा वापस लेने के एक दिन बाद हुई थी। गायक की मौत ने उनके प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Exit mobile version