Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

राहुल गांधी ने हरियाणवियों के साथ की चाय पर चर्चा: करनाल की बीरमती के हाथ का चूरमा खाया, गोहाना की जलेबी लेकर पहुंचे किसान संजय; बोले- कुछ रिश्ते गहरे हो जाते हैं

करनाल। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भैया दूज के अवसर पर दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में हरियाणा सहित देश के करीब 200 परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवारों के साथ चाय पर चर्चा की, उनका हालचाल जाना और बच्चों की पढ़ाई व कामकाज के बारे में बातचीत की। हरियाणा के करनाल और सोनीपत के परिवार भी इस मुलाकात में शामिल हुए।

इस मुलाकात की खास बात यह रही कि करनाल के तेजिंदर मान की मां बीरमती अपने हाथों से बनाया हुआ चूरमा लेकर पहुंचीं। राहुल गांधी ने उनके हाथ का चूरमा खाया और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वहीं, गोहाना के किसान संजय अपने साथ मशहूर गोहाना की जलेबी लेकर पहुंचे। राहुल गांधी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ‘कुछ रिश्ते वक्त के साथ और भी गहरे हो जाते हैं।’

करनाल की बीरमती के हाथ का चूरमा खाया

करनाल के तेजिंदर मान ने बताया कि दीपावली के अगले दिन राहुल गांधी का उनके पास फोन आया था। उन्होंने भैया दूज के अवसर पर पूरे परिवार और उनकी मां को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में चाय पर आमंत्रित किया था।

करीब दो साल पहले राहुल गांधी करनाल के घोघड़ीपुर गांव पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने तेजिंदर के परिवार से मुलाकात की थी और उनकी मां बीरमती से दोबारा मिलने का वादा किया था। इसी वादे को निभाते हुए उन्होंने परिवार को दिल्ली बुलाया।

राहुल गांधी से मिलने के लिए बीरमती ने अपने हाथों से चूरमा तैयार किया। मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने चूरमा खाया और बीरमती के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

अमेरिका में घायल अमित मान का भी जाना हाल

तेजिंदर मान ने बताया कि मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने अमेरिका में सड़क हादसे में घायल हुए अमित मान की तबीयत के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अमित से कहा कि अगर किसी तरह की सहायता की जरूरत हो तो तेजिंदर के माध्यम से उनकी टीम से संपर्क किया जा सकता है। उनकी टीम हरसंभव मदद करेगी।

राहुल गांधी ने परिवार के सदस्यों से बातचीत की और जल्द दोबारा मिलने का वादा भी किया।

गोहाना के किसान संजय लेकर पहुंचे जलेबी

इस कार्यक्रम में गोहाना के किसान संजय भी शामिल हुए। वह अपने साथ गोहाना की मशहूर जलेबी लेकर दिल्ली पहुंचे थे। राहुल गांधी से उनकी यह दूसरी मुलाकात बताई गई है।

सोनीपत के दो परिवार भी हुए शामिल

सोनीपत के गांव मुरथल निवासी भगत सिंह ने बताया कि जिले से दो परिवार इस कार्यक्रम में पहुंचे थे। इंदिरा भवन में करीब 200 परिवारों के लिए अलग-अलग टेबल लगाई गई थीं। राहुल गांधी ने एक-एक परिवार के पास जाकर उनसे व्यक्तिगत बातचीत की।

इस दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, परिवार के कामकाज और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। भगत सिंह ने बताया कि उनका बेटा लॉ की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी पीएचडी कर रही है।

दो साल पहले घोघड़ीपुर पहुंचे थे राहुल गांधी

गौरतलब है कि राहुल गांधी करीब दो साल पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान करनाल के घोघड़ीपुर गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने अमेरिका में सड़क हादसे में घायल हुए अमित मान के परिवार से मुलाकात की थी।

उस समय अमित अमेरिका में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करते थे। राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान अमित से मुलाकात हुई थी। अमित ने उन्हें बताया था कि गांव के युवा रोजगार के लिए विदेश जा रहे हैं।

इसके बाद राहुल गांधी ने भारत लौटकर परिवार से मिलने का वादा किया और करीब एक महीने बाद घोघड़ीपुर पहुंचे थे। उन्होंने अमित की मां बीरमती से मुलाकात की और वीडियो कॉल के जरिए अमेरिका में मौजूद अमित से भी बातचीत कराई थी।

अब भैया दूज पर दिल्ली में हुई इस मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने परिवार के साथ तस्वीरें साझा करते हुए रिश्तों की गहराई का जिक्र किया है।

Exit mobile version