हरियाणा में किसानों के पास फसलों का बीमा करवाने के लिए 31 दिसंबर तक का समय है। इस अवधि में किसान बीमा करवाकर अपनी फसलों को सुरक्षित कर सकते हैं। सरकार द्वारा प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना के तहत 5 फसलों को कवर किया जाएगा। जिसका किसान फायदा उठा सकते हैं।
रोहतक के DC यशपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सीजन रबी-2022-23 के अंतर्गत गेहूं, जौ, चना, सरसों व सूरजमुखी फसल का 31 दिसंबर तक बीमा करवाया जा सकता है। योजना के तहत स्थानीय आपदा, फसल बुआई से कटाई तथा कटाई के बाद के नुकसान की भरपाई का प्रावधान है।
किसान को गेहूं की फसल का बीमा करवाने के लिए 429.98 रुपए प्रति एकड़, जौ की फसल के लिए 281.14 रुपए प्रति एकड़, चना फसल के लिए 214.99 रुपए प्रति एकड़, सरसों फसल के लिए 289.41 रुपए प्रति एकड़ तथा सूरजमूखी फसल के लिए 281.14 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से प्रीमियम देना होगा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे 31 दिसंबर तक अपनी रबी की फसलों का बीमा अवश्य करवाएं।

यह योजना ऋणी किसानों के लिए स्वैच्छिक है। गैर ऋणी किसान नजदीकी अटल सेवा केंद्र से अपनी फसलों का बीमा करवा सकते है। फसल बीमा करवाने के लिए किसान आधार कार्ड, बैंक खाता संख्या, भूमि एवं फसल बुआई से संबंधित दस्तावेज साथ लेकर जाए। अधिक जानकारी के लिए किसान टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 पर संपर्क कर सकते है।
कृषि संबंधित सेवाएं अब फार्ममित्र ऐप पर उपलब्ध है। इनके तहत दावे के भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त करना, मौसम पूर्वानुमान, बाजार भाव, बीमा सेवा व अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है ताकि किसानों को अपडेट मिलती रहे।
DC यशपाल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जो जिला के प्रत्येक खंड के सभी गांवों में किसानों को फसलों का बीमा करवाने के लिए जागरूक करेगी। प्रचार वैन के साथ बीमा कंपनी का प्रतिनिधि तथा कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी साथ रहेंगे, ताकि किसानों की शंकाओं का मौके पर समाधान किया जा सके।
