Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में गाड़ी का शीशा तोड़कर पर्स चोरी: सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन व नकदी गायब

रोहतक में आकाशवाणी केंद्र के बाहर खड़ी एक कार में से किसी अज्ञात ने शीशा तोड़कर पर्स चोरी कर लिया। वारदात उस समय हुई जब महिला अपने भाई व भाभी के साथ अस्पताल में आई थी। जब उन्होंने गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी किया तो किसी ने शीशा तोड़कर पर्स चोरी कर लिया। जिसमें सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन व नकदी थी। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी।

झज्जर जिले के गांव कुलाना निवासी अनिल कुमार ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दी। शिकायत में अनिल ने बताया कि वह 10 मई को अपनी बहन तन्नु व पत्नी अनीता के साथ गाड़ी में सवार होकर अपनी पत्नी को दवाई दिलाने के लिए रोहतक के निजी अस्पताल में आया था। उन्होंने अपनी कार आकाशवाणी केंद्र के सामने सड़क किनारे खड़ी कर दी और वे डॉक्टर के पास चले गए। उन्होंने बताया कि उसकी बहन का पर्स गाड़ी में ही रखा था, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, एक मोबाइल फोन व 700 रुपए नकदी थी।

उन्होंने बताया कि वह करीब डेढ़ घंटे बाद शुक्रवार शाम को क्लीनिक से वापस आए तो देखा कि कनेक्टर साइड का पिछली खिड़की का शीशा टूटा हुआ है। गाड़ी में पर्स भी नहीं मिला। कोई अज्ञात व्यक्ति गाड़ी का शीशा तोड़कर पर्स चोरी कर ले गया। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी, पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जाँच शुरू कर दी।

Exit mobile version