Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिद्धू मूसेवाला केस में सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट गए एडवोकेट पर हमला; लौटते वक्त पत्थर से अटैक

पंजाब के एडवोकेट जनरल अनमोल रतन सिद्धू पर पानीपत के नजदीक कोहंड-घरौंडा रेलवे स्टेशन के पास शताब्दी एक्सप्रेस में हमला हो गया। वे शताब्दी में जिस कोच और सीट पर बैठे थे, उस पर अचानक से पत्थर लगा। मूसेवाला मर्डर केस के आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस के ट्रांजिट रिमांड के खिलाफ दायर याचिका की सुनवाई को लेकर पंजाब का पक्ष रखने के लिए रतन दिल्ली आए हुए थे और आज वापस चंडीगढ़ जा रहे थे, तभी उन पर पथराव किया गया।

जानकारी के अनुसार पंजाब के एडवोकेट जनरल अनमोल रतन सिद्धू पंजाब के गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के सिलसिले में दिल्ली गए थे। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में पंजाब की तरफ से गायक सिद्धू मूसेवाला मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर दायर याचिका और लॉरेंस के ट्रांजिट रिमांड के खिलाफ दायर याचिका पर हुई सुनवाई में वे सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए थे। वहां से मंगलवार को शताब्दी से चंडीगढ़ लौट रहे थे। रास्ते में कोहंड के पास कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर बाहर से पत्थरबाजी की, जिससे उनके पास की खिड़की का शीशा भी टूट गया। हालांकि पत्थर ट्रेन की खिड़की का शीशा तोड़ अंदर नहीं आ पाई, जिससे अनमोल रतन को कोई नुकसान नहीं हुआ।

अनमोल रतन सिद्धू 12005, 12/7 शताब्दी एक्सप्रेस के कोच E2 (143877) में सवार थे। मंगलवार शाम करीब साढ़े 6 बजे शताब्दी कोहंड के पास से निकली तो ट्रेन पर पथराव हो गया, जिस कोच पर पथराव हुआ, एडवोकेट जनरल अनमोल रतन सिद्धू उसी में सवार थे। शताब्दी एक्सप्रेस दिल्ली से कालका जा रही थी। घटना की सूचना के बाद पानीपत और करनाल जिलों की जीआरपी और आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची। मामले की छानबीन की। इस दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन पतथरबाजों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा।

एडवोकेट जनरल अनमोल‌ रतन सिद्धू ने कहा कि केस के सिलसिले में उनकी पूरी लीगल टीम दिल्ली गई थी। आज वह शताब्दी से वापस आ रहे थे। पानीपत के नजदीक कोई पथराव हुआ है या फिर कुछ और चीज से हमला किया गया। पुलिस इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस हिसाब से 12MM का शीशा टूटा है, उससे यह पत्थर के बजाय कुछ और भी हो सकता है। हालांकि इसके बारे में स्पष्ट जांच के बाद ही पता चलेगा। उन्होंने तुरंत इसके बारे में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को सूचित कर दिया। जिसके बाद उनकी सुरक्षा पुख्ता कर दी गई। वह अपनी पूरी लीगल टीम के साथ दिल्ली से लौट रहे थे। दिल्ली सुप्रीम कोर्ट में मूसेवाला हत्याकांड की जांच CBI को सौंपने और गैंगस्टर लॉरेंस के पिता की याचिका पर सुनवाई में वह शामिल हुए थे।

पानीपत आरपीएफ के एसआई दीपक का कहना है कि 6:30 बजे के करीब शताब्दी यहां से गुजरी थी। उनको सूचना मिली थी कि बच्चों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी की है। सूचना के बाद वे मौके पर पहुंचे थे, लेकिन वहां उनको कुछ नहीं मिला। उच्च अधिकारियों को इसके बारे में रिपोर्ट दे दी गई है। छानबीन जारी है।

जिस जगह पंजाब के एडवोकेट जनरल (AG) डॉ. अनमोल रतन सिद्धू वाली शताब्दी पर हमला हुआ, वहां राहुल गांधी की ट्रेन पर भी पथराव हो चुका है। यह घटना सितंबर 2009 यानी 13 साल पुरानी है। तब यही कहा गया कि कुछ बच्चों ने यह शरारत की है। हरियाणा पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर कहा था कि उनका कोई क्रिमिनल बैकग्राउंड नहीं

हालांकि पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के लिहाज से पथराव ज्यादा गंभीरता से लिया जा रहा है। पंजाब के AG दिल्ली में लॉरेंस की याचिका के विरोध में ही सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए थे। यह सामान्य पत्थरबाजी है या फिर एडवोकेट जनरल पर हमला, इसकी जांच की जा रही है।

Exit mobile version