Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़े बंबीहा गैंग के दो गुर्गे: एक की उम्र 13 साल; क्लब मालिक से 1 करोड़ फिरौती-हिस्सेदारी मांगी थी

लॉरेंस गैंग के एंटी दविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े दो युवकों को पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने हरियाणा के सिरसा से गिरफ्तार किया है। इनमें से 24 साल के आरोपी सोनू का 3 दिनों का पुलिस रिमांड लिया गया है। वहीं दूसरा आरोपी सिर्फ 13 साल का है जिस पर मर्डर केस दर्ज बताया गया है।

दोनों आरोपी बंबीहा गैंग को हथियार सप्लाई करने और चंडीगढ़ के एक नाइट क्लब के बाहर 1 करोड़ रुपए की वसूली के मामले में पकड़े गए हैं। पंजाब पुलिस पकड़े गए आरोपियों से उनकी पंजाब में हुई आपराधिक घटनाओं को लेकर सख्त पूछताछ में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों ने पंजाब के विभिन्न जिलों में बंबीहा ग्रुप को 10 पिस्टल और कारतूस की डिलीवरी दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल और 13 कारतूस बरामद किए हैं।

चंडीगढ़ के सेक्टर 7 में एक नाइट क्लब के बाहर बीते 15 दिसंबर को फायरिंग की घटना हुई थी। पुलिस के मुताबिक क्लब मालिक द्वारा वसूली के 1 करोड़ रुपए देने से मना करने पर उसके क्लब के बाहर 4 राउंड फायरिंग की गई। वहीं क्लब मालिक को धमकी भी दी थी। क्लब के मालिक को एक विदेशी नंबर से वसूली के लिए कॉल आई थी। वहीं जानकारी के मुताबिक कॉलर ने क्लब मालिक से क्लब में 25 प्रतिशत की पार्टनरशिप की भी डिमांड की थी।

पुलिस का मानना है कि आर्मीनिया में छिपे बंबीहा गैंग के सरगना लक्की पटियाल के कहने पर फायरिंग को अंजाम दिया गया था। दविंदर बंबीहा की मौत के बाद से पटियाल विदेश में है। SSOC ने दोनों आरोपियों को बीते 19 दिसंबर को दर्ज केस में आरोपी बनाया है। उस FIR में आधा दर्जन आरोपी बनाए गए थे। IPC की धारा 212, 216, 120 बी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक नाबालिग के खिलाफ सिरसा में एक संगीन अपराध में केस दर्ज है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी अपने गैंग के बड़े मेंबर्स के कहने पर हथियारों की सप्लाई से जुड़े हुए थे।

Exit mobile version