पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में पहुंचे। उन्होंने आप की बदलाव रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यहां के किसान, जवान और पहलवान देश में-विदेशों में प्रसिद्ध हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इन सभी तीन वर्गों का अपमान किया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखा दें। उन्होंने आप की पांच गारंटी बताई और लोगो से समर्थन मांगा।
गोहाना की नई अनाज मंडी में सोमवार को आप की रैली हुई। इसमें गोहाना व बरौदा हलके के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने भाजपा पर कड़ा अटैक किया। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी देश को गरीबी मिली है। कांग्रेस और भाजपा इसकी जिम्मेदार हैं। जहां अमेरिका चांद पर प्लाट काटता है, वहीं भारत में सीवरेज की लड़ाई लड़ी जा रही है।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं पर देश की जिम्मेदारी होनी चाहिए। यहां पर उनकी कमर पर चोट के निशान दिख रहे हैं। हरियाणा में डबल इंजन की सरकार थी, लेकिन केंद्र सरकार ने खट्टर नाम का इंजन बीच में ही बदलना पड़ा। इसमें क्या खराबी थी। दिल्ली और पंजाब में ब्रांडेड इंजन काम कर रहे हैं।
पंजाब के अंदर सरकार पीपल के नीचे जाकर लोगों का काम कर रही है। हरियाणा में सरकार बनी तो किसी भी वर्क को परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार काम करने के लिए उनके द्वार आएगी।
