Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंजाब के CM भगवंत मान ने लुधियाना में किया ध्वाजारोहण, बोले -पंजाब ने झंडे को ऊंचा रखने के लिए दी सबसे ज्यादा कुर्बानियां

Independence Day 2022: पंजाब के लुधियाना में सोमवार को गुरू नानक स्टेडियम में 75वां आजादी दिवस पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह ने तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संबोधित करते हुए कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर सभी पंजाबियों को लख-लख बधाइयां और शुभकामनाएं। आज देश के लिए बहुत खास दिन है। आज से 75 साल पहले यह तिरंगा इस तरह नहीं झूलता था। इसकी जगह कोई और झंडा था। हमारे युवाओं ने यह सपना देखा देश हमारा है लेकिन झंडा किसी और देश का क्यों। वह आजादी के आंदोलन में कूद पड़े।

उन्होंने कहा कि पंजाब इस बात का गवाह है कि इस झंडे को ऊंचा रखने के लिए सबसे ज्यादा कुर्बानी पंजाब ने दी है। हमारे पंजाब के हर गांव में किसी ना किसी शहीद के याद में कोई गेट बना है या फिर कोई प्रतिमा लगी है। हमें आजादी शहीदों की कुर्बानियों के बाद मिली है, जिन्होंने आजादी हमें दिलवाई उन सभी ने आजादी देखी नहीं थी।

उन्होंने कहा कि आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं। बेटियां पढ़ लिख कर आज नाम रोशन कर रही हैं। बेटियों को कोख में न मारा जाए। बेटियों को पढ़ाया जाए। सीएम ने कहा कि सिक्खों के गुरुओं ने कौम के लिए सब कुछ वार दिया। हमें जबर जुल्म के खिलाफ बोलना विरासत में मिला है।

सीएम ने कहा कि अभी हम पूरी तरह से आजाद नहीं हुए। शहीदों ने जो आजादी सोची थी वो आजादी हमें अभी मिली नहीं। थाना, कचहरी में अभी भी रिश्वतखोरी चल रही है। शहीदों ने जिस आजादी की सपना देखा था वो सपना अभी पूरा नहीं हुआ। आम आदमी पार्टी शहीदों के सपनों की आजादी को जमीनी स्तर पर लाने के लिए वचनबद्ध है। आजादी से हमें नुकसान भी हुआ है। आजादी के समय 10 लाख लोगों की मौत हुई थी। लोगों के परिवार बिछड़ गए। पाकिस्तान में भी पंजाबी एक दूसरे से बिछड़ गए। दर्द हमारे सीने में भी है। आजादी हमारे लिए लेकर भी बहुत कुछ आई है और छीन कर भी बहुत कुछ ले गई है।

भगवंत ने सेहत और शिक्षा के मामले में कहा कि आज जरुरत है कि हमें उच्च शिक्षा मिले। हमारे बच्चे उच्च शिक्षा लेकर देश और परिवार का नाम रोशन कर सकें। आम आदमी पार्टी बच्चों के लिए बढ़िया स्कूल, स्पोर्ट्स के लिए बढ़िया स्टेडियम आदि बनवाए जाएंगे। भगत सिंह का रंगला पंजाब बनाकर दम लेंगे।

आजादी हमें उस दिन मिलेगी जिस दिन हर घर नशा मुक्त होगा, हर बच्चा शिक्षित होगा। सेहत सुविधाओं के मामले में आज 75 मोहल्ला क्लीनिक खोल कर पंजाब के लोगों से किया वादा पूरा किया जा रहा है। पंजाब का कोई व्यक्ति बीमारी से न मरे। लोगों की पहुंच में सेहत सुविधाएं लाई जाएंगी। लुधियाना में 9 मोहल्ला क्लीनिक खुल गए हैं। लोग इन क्लीनिकों में जाकर अपना समय-समय पर चेकअप और उपचार करवाएं।

Exit mobile version