Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर घोर लापरवाही के आरोप: पेयजल आपूर्ति के निकले सैंपल फेल

रोहतक में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही की कलाई खुलने लगी हैं। वीरवार को भी सीएमओ कार्यालय की तरफ से पेयजल आपूर्ति के सैंपल की रिपोर्ट सामने आई है। इसमें पांच सैंपल फेल पाए गए हैं। इसमें वार्ड-16 के अलावा कई दूसरे वार्ड के सैंपल भी शामिल हैं। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर घोर लापरवाही के आरोप लगाते हुए यह भी मांग की गई है कि संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।

वार्ड-16 की पार्षद डिपल जैन ने बताया कि उन्हें सीएमओ कार्यालय की तरफ से सैंपल की रिपोर्ट भेजी गई है। पार्षद ने बताया कि महाजन पड़ाव से 13 अगस्त को सैंपल लिए गए थे, लेकिन उनकी रिपोर्ट नहीं मिली थी। अब रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें सैंपल की रिपोर्ट अनफिट पाई है। इनके अलावा दरियाब नगर में हरेंद्र सिंह, धर्मबीर, भगत सिंह के आवास के भी सैंपल लिए गए हैं। इसके साथ ही बजरंग भवन के निकट सती भाई दास सेवा दल कार्यालय के भी सैंपल लिए गए हैं। यह भी फेल मिले हैं। संबंधित कार्यालय में आमजन की भीड़ रहती है। वहीं, वार्ड-16 की पार्षद डिपल ने आरोप लगाए हैं कि जो भी जिम्मेदार जेई, एसडीओ और एक्सईएन हैं उनके खिलाफ एक्शन की छोड़िए छह माह से उन्हें बचाया जा रहा है। इन्होंने यह भी कहा कि अभी तो सैंपल गृहमंत्री अनिल विज के आदेश पर लिए जा रहे हैं। यदि अधिकारियों को बचाया गया तो राज्य महिला आयोग को भी पत्र लिखूंगी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Exit mobile version