पानीपत, 6 अगस्त। हरियाणा सरकार की जनहितैषी पहल के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से जिला सचिवालय सभागार में वीरवार को जनता समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

    शिविर में पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही मंच पर त्वरित राहत मिले।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हरियाणा सरकार नागरिकों को पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता समाधान शिविर केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं के प्रभावी समाधान का सशक्त मंच है। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण करें, ताकि आमजन का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और संबंधित विभागों से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को न्याय दिलाना और पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जनहितैषी व्यवस्था को मजबूत करना है।

शिविर में अंशु ने भावना चौक से देवी मंदिर तक नाले की साफ-सफाई कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि लंबे समय से नाले में गंदगी जमा होने से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रामधारी, निवासी अहर ने धोखाधड़ी से संबंधित शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित भूमि को नियमानुसार अपने नाम दर्ज करवाने की मांग की।  यशपाल, निवासी सुखदेव नगर ने कान की मशीन (हियरिंग एड) उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि श्रवण संबंधी समस्या के कारण उन्हें दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और पात्रता के आधार पर शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाए। वहीं एक अन्य शिकायतकर्ता यशपाल ने ने बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग करते हुए प्रशासन से अवैध बिजली कनेक्शनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया, ताकि राजस्व हानि पर अंकुश लगाया जा सके और ईमानदार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा हो सके।

शिविर में अधिकारियों ने सभी शिकायतकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर सीईओ डॉ किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल सहित विभिन्न विभागों से अधिकारी और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!