रोहतक में शनिवार को अग्निपथ हटाओ व MSP कानून बनाओ की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसका निर्णय 22 जून से सांपला में चल रहे धरने पर लिया गया था। इसके तहत शनिवार को शहरभर में पुराना बस स्टैंड से मानसरोवर पार्क तक मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद एक जनसभा का आयोजन भी होगा।
संयुक्त युवा बेरोजगार मोर्चा व विभिन्न संगठनों तथा खापों के आह्वान पर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसमें युवाओं के भविष्य को देखते हुए अग्निवीर की बजाय फौज में स्थायी भर्ती करने, सभी सरकारी नौकरियों को स्थायी करने व नियमित भर्ती करने की मांग उठाई जाएगी। साथ ही किसानों के लिए MSP कानून बनाने का मुद्दा अहम रहेगा।
संयुक्त युवा बेरोजगार मोर्चा के धरना संयोजक मीत मान ने कहा कि विरोध प्रदर्शन में काफी लोग शामिल होंगे। सरकार को भी चाहिए कि उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करें। अगर जल्दी ही मांग पूरी नहीं की गई तो वे कड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे। आगे विरोध प्रदर्शन को भी तेज करने से पीछे नहीं हटेंगे।
सांपला में अग्निपथ योजना को लेकर पिछले 38 दिनों से धरना जारी है। धरने को हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश व बिहार के प्रतिनिधिमंडल का समर्थन मिला हुआ है। इसे तेज करने के लिए आसपास के गांवों में भी अभियान चलाया जा रहा है। धरनारत लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक अग्निपथ योजना रद्द नहीं होगी, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

