करनाल जिले के गांव गोंदर में सूरज हत्याकांड को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान एससी समाज पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में एससी समाज के लोग जिला सचिवालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक केस दर्ज नहीं होता और संबंधित महिला सार्वजनिक माफी नहीं मांगती, तब तक वे सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे रहेंगे।
मंगलवार को एससी समाज के लोग एकजुट होकर करनाल के जिला सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों के अनुसार इस तरह की टिप्पणियां पूरे समाज का अपमान हैं और इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत एफआईआर दर्ज करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
निसिंग निवासी जसबीर कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं। उनके अनुसार बीती 19 अप्रैल को गांव गोंदर में सूरज की हत्या के मामले में कार्रवाई को लेकर उसके परिवार के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने एससी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की।
शिकायत के अनुसार, गांव गोंदर के कुलदीप राणा ने भीड़ के बीच एससी समाज को निशाना बनाते हुए कहा कि “हमने चूड़ियां नहीं पहन रखी, हम भी राजपूत हैं और पूरे गांव को खाली करवाने का दम रखते हैं। आरोप है कि उसने एससी समाज को नीचा दिखाने के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया और माहौल को भड़काने की कोशिश की।
करनाल में एडवोकेट सोनिया तंवर के अनुसार, उसी भीड़ में गोंदर निवासी रानी देवी ने भी एससी समाज की महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की। आरोप है कि उसने महिलाओं को निशाना बनाते हुए अपमानजनक और आपत्तिजनक शब्द कहे, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

