Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में अग्निपथ योजना के विरोध में MDU गेट पर धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी नौजवान- नवीन जयहिंद भी समर्थन देने पहुंचे

रोहतक में शुक्रवार को युवाओं ने महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के बाहर अग्निपथ योजना को लेकर लगाया जाम। युवाओं का कहना है कि सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। युवा केवल पैसों के लिए फौज में नहीं जाते, बल्कि उनमें देश सेवा का जुनून होता है।

युवा सेना में जाने के लिए सालों साल भर्ती की तैयारी करते हैं और पसीना बहाते हैं। युवाओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है। पुलिस ने जाम लगने की वजह से रूट को डायवर्ट किया है, ताकि यात्री जाम में न फंसे और इन्हें परेशानी न हो।

युवाओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पहुंचे नवीन जयहिंद ने कहा कि सरकार द्वारा अग्निपथ योजना लाकर युवाओं को गैंगस्टर बनाना चाहती है। 4 साल ट्रेनिंग के बाद युवा कहां जाएंगे। इस तरह सरकार युवाओं को शूटर बनाने के लिए तैयार कर रही है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जा सकता। सरकार को इस योजना को तुरंत वापस लेना चाहिए।

एमडीयू के गेट के बाहर रोड जाम कर रहे युवाओं ने भाजपा कार्यालय घेराव करने का निर्णय लिया। जिसके चलते युवाओं ने दिल्ली रोड का जाम खोल दिया और भाजपा कार्यालय की तरफ रवाना हुए। युवा अग्निपथ योजना को रद्द करने की मांग को लेकर डटे हुए हैं। उनका कहना है कि सरकार की यह योजना युवाओं के भविष्य के लिए हानिकारक है। जिसके चलते युवा विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।

अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं ने दिल्ली रोड पर जाम लगा दिया था, जिसके कारण काफी वाहन चालक जाम में फंसे रहे। हालांकि जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात को डायवर्ट करने का प्रयास किया। बता दें कि दिल्ली रोड से हर रोज हजारों वाहन गुजरते हैं, जिनमें से शुक्रवार को यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को दिक्कत हुई।

Exit mobile version