Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

1000 रुपए प्रति ग्राहक के हिसाब से चल रहा था देह व्यापार…4 महिलाएं और 3 ग्राहक मौके से पकड़ेहोटल मालिक और दो मैनेजरों पर केस दर्ज

हरियाणा के करनाल जिले के असंध में जींद रोड स्थित एक होटल में देह व्यापार का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए होटल की आड़ में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। रेड के दौरान चार महिलाओं और तीन ग्राहकों को मौके से काबू किया गया। मामले में होटल मालिक और दो मैनेजरों की भूमिका भी सामने आई है।

गुप्त सूचना से शुरू हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार 12 जून की रात असंध स्पेशल यूनिट की टीम बाईपास सालवन चौक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जींद रोड स्थित होटल लग्जरी में देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना में बताया गया कि होटल संचालक और उसके सहयोगी बाहर से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों के लिए कमरे उपलब्ध कराते हैं और इसके बदले रकम वसूलते हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने डीएसपी मुख्यालय से सर्च वारंट प्राप्त किया और महिला पुलिस कर्मचारियों को भी टीम में शामिल किया।

समाजसेवी को बनाया बोगस ग्राहक

पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस ने एक व्यक्ति को बोगस ग्राहक बनाकर होटल भेजा। उसे निर्देश दिए गए कि वह होटल में पहुंचकर निर्धारित राशि ऑनलाइन भुगतान करे और फिर पुलिस को संकेत दे।

योजना के मुताबिक युवक होटल पहुंचा और काउंटर पर मौजूद व्यक्ति से बातचीत के बाद 1000 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद वह पहली मंजिल पर गया और तय संकेत देकर पुलिस टीम को सूचना दी।

इशारा मिलते ही होटल में दबिश

संकेत मिलते ही करीब 10 से 15 मिनट बाद पुलिस टीम ने होटल पर रेड कर दी। होटल के रिसेप्शन पर दो युवक मिले, जिन्होंने अपनी पहचान मंजीत कुमार और राहुल के रूप में बताई। पुलिस ने सर्च वारंट दिखाकर पूरे होटल की तलाशी शुरू कर दी।

चार कमरों से मिले महिला-पुरुष

तलाशी के दौरान पहली मंजिल के चार कमरों की जांच की गई। तीन कमरों में महिला और पुरुष एक साथ मिले, जबकि चौथे कमरे में एक महिला अकेली मौजूद थी। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

रजिस्टर, स्कैनर और कंडोम बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रिसेप्शन से विजिटर रजिस्टर, रिकॉर्ड से जुड़ी कॉपी, ऑनलाइन भुगतान के लिए इस्तेमाल होने वाला स्कैनर और अन्य सामान बरामद किया। मौके से कुछ कंडोम भी मिले, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया। पुलिस ने पूरे घटनास्थल की फोटोग्राफी और दस्तावेजीकरण भी किया।

महिलाओं ने किए अहम खुलासे

पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि उन्हें प्रति ग्राहक 1000 रुपए के हिसाब से बुलाया जाता था। आरोप है कि होटल संचालक और मैनेजर इस पूरे धंधे का संचालन करते थे और रकम का हिस्सा अपने पास रखते थे।

होटल मालिक समेत कई लोगों पर केस

पुलिस ने होटल मालिक रामबीर, मैनेजर मंजीत कुमार और राहुल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। केस की जांच महिला थाना असंध की एसएचओ कनुप्रिया को सौंपी गई है।

डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Exit mobile version