Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक मे शनिवार और रविवार को भी जमा होगा प्रॉपर्टी टैक्स

रोहतक। नगर निगम में शनिवार और रविवार को भी प्रॉपर्टी टैक्स जमा होगा। टैक्स जमा करने के लिए प्रॉपर्टी मालिकों की बढ़ती भीड़ के कारण नगर निगम प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। वीरवार को 400 से ज्यादा प्रॉपर्टी मालिकों ने 16 लाख से ज्यादा का टैक्स जमा किया। 31 जुलाई तक निगम चालू वित्त वर्ष पर 10 प्रतिशत की छूट दे रहा है।

साल 2025-26 के लिए नगर निगम ने 28 करोड़ प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने का लक्ष्य रखा है। अब तक निगम 10 करोड़ भी टैक्स नहीं वसूल सका है। ऐसे में निगम की तरफ से एक सप्ताह पहले टैक्स जमा न कराने पर चार प्रॉपर्टी सील की थी। अब 17 और प्रॉपर्टी मालिकों को नोटिस दिया गया है।

साथ ही नगर निगम के नागरिक सुविधा केंद्र में टैक्स जमा कराने के लिए चार काउंटर बनाए गए हैं। काउंटर नंबर एक, दो, तीन व चार पर टैक्स नकदी राशि के रूप में जमा हो रहा है। इसके लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है।
20 लाख तक की नकदी हो सकती है जमा
निगम के एक कर्मचारी ने बताया कि बैंक की तरह नकदी जमा कराने को लेकर यह शर्त नहीं है कि ज्यादा राशि चेक या डिमांड ड्राप्ट के माध्यम से जमा होगी। 20 लाख रुपये तक बकाया टैक्स नकदी के तौर पर जमा किया जा सकता है।

एक क्लर्क ने बताया कि निगम की तरफ से लोगों को प्रॉपर्टी टैक्स के बिल भेजे जा चुके हैं। ऐसे में वे पूरे पैसे लेकर आएं। खुल्ले पैसे न होने के कारण काउंटर पर खड़ा रहना पड़ सकता है। ऐसे में जेब में पांच, 10, 20 व 50 रुपये का नोट होना चाहिए।
प्रॉपर्टी टैक्स में 31 जुलाई तक 10 प्रतिशत की छूट है इसलिए शनिवार व रविवार को भी टैक्स जमा होगा। टैक्स ब्रांच के अधिकारी व कर्मचारी अन्य कार्य दिवसों की भांति कार्य करेंगे। -डॉ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम।

Exit mobile version