Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

CJP आंदोलन में कूदे बड़े हरियाणवी चेहरे: जाजी लाठर बोले-अब चुप नहीं बैठेंगे, चाहे लिखना छूट जाए; बैंय्यापुरिया बोले-मैं PM का स्पेशल नहीं

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर स्टूडेंट्स के ऊपर हुए पुलिस लाठीचार्ज और सरकार की चुप्पी से नाराज होकर हरियाणा के कई बड़े सिंगर, एथलीट और इन्फ्लुएंसर्स छात्रों के समर्थन में उतर आए हैं। इन कलाकारों ने साफ कहा कि स्टूडेंट्स की मांगें जायज हैं।

हरियाणवी कलाकार मुकेश जाजी ने वीडियो जारी कर कहा- “प्रधानमंत्री मोदी आपका बोलना बनता है और बोलने में आप वैसे भी माहिर हो। ये बच्चे आपकी कुर्सी नहीं मांग रहे। सिर्फ इतना चाहते हैं कि आप इनके पक्ष में बोलो। बोलना नहीं, आपका एक्शन लेना बनता है। मेरे हिसाब से ये लोकतंत्र नहीं है, शोकतंत्र है।”

वहीं, पीएम के साथ सफाई अभियान से चर्चा में आए रेसलर एवं फिटनेस इन्फ्लुएंसर अंकित बैंय्यापुरिया ने भी वीडियो जारी कर लाठीचार्ज को गलत बताया। उन्होंने कहा- “जो प्रोटेस्ट ने मोड़ लिया, ज्यादा गलत हो गया भाई। किसकी तरफ से क्या गलती हुई, उस ओर हम नहीं जाते। परंतु जिनको भी चोट लगी, वो सब गलत था।”

अंकित बैंय्यापुरिया ने यह भी कहा कि उनके पास बहुत से युवाओं के मैसेज आए कि वे सरकार से बातचीत कर समाधान करवाएं। इस पर उन्होंने कहा- “अगर मेरी इतनी चलती तो जिस दिन तुमने आवाज उठाई थी, उसी दिन हल हो जाती। मैं पीएम का कोई स्पेशल नहीं, मैं भी थारे जैसा हूं।”

मॉडल एवं फिटनेस इन्फ्लुएंसर ठाकुर कशिश पुंडिर ने कहा कि सिर्फ शिक्षा मंत्री को हटाने से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पेपर छापने वाली टीम में भ्रष्ट लोग बैठे हैं और केवल मंत्री बदलने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जिन लोगों ने गलती की है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

मशहूर हरियाणवी कलाकार मुकेश जाजी ने वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा- “अब तो बहुत हो लिया, आपको बोलना पड़ेगा। चाहे हमारा लिखना छूटो या हमारे गाने छूटो। हम लोग एक हादसे से नहीं उभरते और दूसरा हादसा तैयार हो जाता है। कभी किसानों पर अत्याचार, कभी पहलवानों पर अत्याचार और अब बच्चों पर अत्याचार।”उन्होंने कहा कि सब्र के बांध टूट चुके हैं। उन्होंने साथी कलाकारों से अपील करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पहुंचकर छात्रों का समर्थन करें और यदि वहां नहीं जा सकते तो कम से कम सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में पोस्ट करें।

हरियाणवी सिंगर हैरी लाठर ने पुलिस के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ हुई मारपीट बेहद निंदनीय है। उन्होंने सरकार से युवाओं की मांगों पर बातचीत करने की अपील की और कहा कि इतना कट्टर रवैया भी ठीक नहीं होता।उन्होंने कहा कि जो लोग इस मुद्दे पर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं, वह उनका विरोध करते हैं, लेकिन जो युवा अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, उनका वह पूरा समर्थन करते हैं।

मॉडल एवं फिटनेस इन्फ्लुएंसर ठाकुर कशिश पुंडिर ने कहा कि अगर एजुकेशन मिनिस्टर बदल भी दिया जाए तो इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा।उन्होंने कहा कि पेपर प्रिंटिंग और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी पूरी टीम की जवाबदेही तय होनी चाहिए। गलती करने वालों को सजा मिलनी चाहिए, केवल मंत्री बदलने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी।

इंडियन आइडल-10 के विजेता और नूंह निवासी सिंगर सलमान अली ने भी वीडियो जारी कर छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई।उन्होंने कहा कि एक बच्चा दिन-रात मेहनत करता है और उसके माता-पिता अपनी पूरी जिंदगी की कमाई उसकी पढ़ाई पर खर्च कर देते हैं। लेकिन जब वही बच्चे अपने भविष्य और अधिकारों की बात करने सड़क पर उतरते हैं तो उनकी बात सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं।सलमान अली ने कहा कि एक बच्चे का टूटा सपना केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश का नुकसान है। शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और देश के भविष्य को समझते हुए छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए।

इस बीच जंतर-मंतर पर धरनारत छात्रों पर लाठीचार्ज के सवाल पर भाजपा सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है और किसी भी आंदोलन को शांतिपूर्ण ढंग से होना चाहिए।उन्होंने कहा कि यदि कुछ शरारती तत्व माहौल खराब करते हैं तो उनकी निंदा होनी चाहिए, लेकिन पुलिस को भी संयम बरतना चाहिए क्योंकि प्रदर्शन में शामिल छात्र देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकाला जाना चाहिए।

Exit mobile version