Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में फिर लिखे मिले खालिस्तान समर्थक नारे, आतंकी पन्नू ने वीडियो जारी कर ली जिम्मेदारी

 सिरसा जिले के डबवाली उपमंडल में कॉलेज की दीवार पर खालिस्तान जिंदाबाद के स्लोगन लिखे मिले हैं। साथ ही ब्राह्मणों पंजाब- हरियाणा छोड़ो, देश विरोधी शब्द भी लिखे गए। देश विरोधी नारे लिखे जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इन्हें मिटवाया। साथ ही गुरपतवंत सिंह पन्नू व अज्ञात के खिलाफ देशद्रोह और साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया।

जानकारी के अनुसार डबवाली के डॉ बीआर अंबेडकर कॉलेज के बाहर दीवार पर 6 जगह खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे गए। इसके साथ ही एसएफजे (SFJ), ब्राह्मणों को 1984 के सिख दंगों के लिए जिम्मेदार ठहराया गया। साथ ही 29 जनवरी आस्ट्रेलिया भी लिखा गया। 6 व 7 दिसंबर की रात को इस हरकत को अंजाम दिया गया। जिसकी वीडियो बनाई गई।

इसके बाद गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अपना एक वीडियो भी जारी किया। जिसमें कॉलेज की दीवारों पर ये नारे लिखे हुए दिखाए गए और उसने हरियाणा को पंजाब का हिस्सा बताकर सीएम मनोहर लाल को चुनौती दी। साथ ही मेलबर्न में 29 जनवरी को वोटिंग की बात कही।

इससे पहले सिरसा के कालांवाली कस्बे में भी 2 नाबालिग बच्चों ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की वीडियो देखकर गांव सिंघुपरा के बस स्टॉपेज पर खालिस्तान का फ्लैग लहरा दिया था। पुलिस उस एरिया में मोबाइल डंप को ट्रेस कर रहा है। शहर थाना प्रभारी सत्यावान शर्मा ने कहा कि कई संदिग्ध लोगों के फोन नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। साथ की कॉलेज के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने जा रहे हैं।

इस साल हिसार के बरवाला में खेदड़ पावर प्लांट के पास भी खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए हुए थे। साथ ही खेदड़ पावर प्लांट की पटरी के बोल्ट भी उखाड़े हुए थे। तब भी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अपना वीडियो जारी किया था।

Exit mobile version