Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हांसी के चर्चित जिम ट्रेनर कपिल हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार, पुलिस की गोली पैर में लगी, 10 जिंदा कारतूस और पिस्तौल बरामद

हांसी में जिम ट्रेनर कपिल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।

घायल आरोपी को पुलिस ने तत्काल हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय रोहित, निवासी गांव भुरटाना, थाना बवानीखेड़ा क्षेत्र, जिला भिवानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपिल हत्याकांड का आरोपी गांव के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी की एक गोली पुलिस की गाड़ी पर भी लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रोहित के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और करीब 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ की सूचना के बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और साजिश के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 11 जून की सुबह करीब 6 बजे जिम ट्रेनर कपिल अपने जिम के करीब 10 बच्चों को दौड़ की प्रैक्टिस करवा रहा था। इसी दौरान वह फव्वारा चौक के पास पहुंचा था।

तभी बाइक पर सवार होकर आए हमलावरों ने कपिल पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। तभी से हांसी पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

अब मुख्य आरोपी रोहित की पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी से पुलिस को उम्मीद है कि कपिल हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश, अन्य आरोपियों और हत्या की असली वजह का जल्द खुलासा हो सकता है।

Exit mobile version