Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना शुरू करने की तैयारी:कैबिनेट मीटिंग आज, महिलाओं को ₹2100 महीना मिलेंगे; BJP की दिल्ली चुनाव पर नजर

दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले BJP हरियाणा में लक्ष्मी लाडो योजना शुरू कर सकती है। इस पर आज (23 जनवरी) को चंडीगढ़ में हो रही कैबिनेट मीटिंग में फैसला लिया जा सकता है। पिछले साल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं को लेकर इसका ऐलान किया था। जिसमें 18 साल से बड़ी उम्र की हर महिला को हर महीने 2100 रुपए देने का वादा किया गया है।

दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। इससे पहले अगर इस योजना पर कोई ठोस फैसला हुआ तो भाजपा इसे वहां भुना सकती है। यह इसलिए भी अहम है क्योंकि आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब में एक हजार रुपए प्रति महीने का वादा पूरा नहीं कर पाई।

कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को 1500 रुपए महीने देना शुरू कर चुकी है। मगर, इसमें शर्त लगा दी गई कि एक परिवार से एक ही महिला को यह रकम मिलेगी। हालांकि, इस योजना काे पूरा करने के लिए सरकार को करीब 20 हजार करोड़ का सालाना बोझ उठाना पड़ेगा।

इसके साथ ही सरकार किसानों को लेकर भी अहम फैसला कर सकती है. बीते दिनों ओलावृष्टि और बारिश से कई जिलों में किसानों की फसल खराब हो गई थी. जिसकी सरकार ने स्पेशल गिरदावरी करवाई थी. अब सरकार किसानों को फसल नुकसान के मुआवजे की घोषणा कर सकती है. यानी किसानों के खाते में सरकार सौ दिन पूरे होने पर इसकी धनराशि स्थानांतरित कर सकती है.

Exit mobile version